अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत योग गुरू स्वामी रामदेव जी ने सिखाई योग क्रियाएं

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत गुरूवार को ओएनजीसी के बीआर अम्बेडकर स्टेडियम में योग गुरू स्वामी रामदेव जी ने योग क्रियाएं सिखाई। 21 जून को पीएम मोदी देहारादून में होने वाले मुख्य आयोजन में हिस्सा लेने आने वाले हैं। यह कर्टेन रेजर
कार्यक्रम इसी कड़ी में किया गया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री  श्रीपद येसो नाइक, उत्तराखण्ड के आयुष मंत्री डाॅ.हरक सिंह रावत, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि, विधायक  हरबंस कपूर, गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, भारत सरकार में सचिव आयुष  राजेश कोटेचा, उत्तराखण्ड में आयुष सचिव आरके सुधांशु, डाॅ.पंकज कुमार पाण्डेय सहित शासन, पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी योग गुरू स्वामी रामदेव जी के साथ योग का अभ्यास किया।
 
योग को जन-जन तक पहुंचाना है- त्रिवेंद्र रावत
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना है। योग विश्व को निरोग करने का संकल्प है। भारतीय संस्कृति में ‘सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे भवंतु निरामयाः’ की बात कही गई है। योग इसमें सहायक है। योग की धारा देवभूमि उत्तराखण्ड से प्रवाहित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से सारी दुनिया ने योग की शक्ति को माना है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा है।  जब राजशक्ति, ऋषिशक्ति व अध्यात्म मिलकर काम करते हैं तो विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए देहरादून का चयन किया गया है।
केंद्रीय मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से आज सारी दुनिया में योग का संदेश गया है। 21 जून को देवभूमि उत्तराखण्ड के देहरादून में योग का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इससे पूर्व दिल्ली, चंडीगढ़ व लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।
 
सारी दुनिया आज योग करती हैं - योग गुरू स्वामी रामदेव जी 
 
योग गुरू स्वामी रामदेव जी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सारी दुनिया के लोग उत्साह के साथ योग करते हैं। ऐसे में मुख्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री जी ने देहरादून, उत्तराखण्ड को प्राथमिकता दी है, ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है। योग के लिए
वातावरण निर्मित किए जाने की आवश्यकता है।
 
आयुष सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि 21 जून को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक एफआरआई में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पतंजलि योगपीठ, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, आर्ट ऑफ लिविंग, परमार्थ निकेतन, ब्रह्म कुमारी, आदि संगठनों और संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है।
 
भाग लेने के लिए ऐसे करें आवेदन
 
कार्यक्रम में प्रतिभाग के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में योगाभ्यास में एकरूपता हो सके इसके लिए देहरादून, हरिद्वार में कई स्थानों पर निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। एफ.आर.आई में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए http://egatepass-uk.in/yoga_pass.php पर आॅनलाईन गेट पास के लिए 19 जून तक आवेदन किया जा सकता है।
 
(साभार: https://www.livehindustan.com/uttarakhand/story-baba-ramdev-taught-yoga-actions-under-the-preparations-of-international-yoga-day-2000725.html समाचार के सम्पादित अंश| यह समाचार विभिन्न समाचार पत्रों से प्रकाशित खबरों से मात्र सूचना के उद्देश्य से लिये गये हैं।)
 

अधिक खबरे